निंबाहेड़ा, स्मार्ट हलचल|साधुमार्गी जैन संघ के आराध्य, जन-जन की आस्था के केंद्र एवं संयम साधना के प्रेरणास्रोत आचार्य प्रवर 1008 श्री रामलालजी म.सा. का जन्म दिवस निंबाहेड़ा में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर संघ द्वारा 393 एकासन एवं लगभग 200 श्रावक-श्राविकाओं द्वारा दो-दो सामायिक कर पुण्यार्जन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन समता भवन में हुआ, जहां विराजित शासन दीपिका श्री चेतन श्रीजी म.सा. आदि ठाणा-7 ने अपने प्रेरणादायी प्रवचन में आचार्य भगवंत के जन्म से लेकर उनके वर्तमान संयममय जीवन तक की यात्रा का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को आचार्य श्री के आदर्शों एवं तप, त्याग और संयम से परिपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को धर्ममार्ग पर अग्रसर करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर साधुमार्गी संघ के अध्यक्ष ने एकासन करने वाले सभी तपस्वियों का हार्दिक अभिनंदन किया। साथ ही समता युवा संघ के युवाओं द्वारा पिछले 10 दिनों से घर-घर जाकर प्रभावना के माध्यम से 393 एकासन सम्पन्न करवाने की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
संघ मंत्री ने भी अपने उद्बोधन में आचार्य श्री के महान गुणों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। सामूहिक एकासन के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं विशेष रूप से समता युवा संघ के अध्यक्ष, मंत्री एवं युवा साथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण की अनुपम अनुभूति हुई, जिससे नगर का वातावरण पूर्णतः धर्ममय बन गया। कार्यक्रम ने सभी उपस्थित जनों के मन में आचार्य श्री के प्रति श्रद्धा को और अधिक दृढ़ किया।
