मोड़ का निंबाहेड़ा । अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आस्था स्थल श्री देवनारायण जन्मभूमि मंदिर, मालासेरी डूंगरी के पुजारी एवं धर्मसेवी देवकरण पोसवाल को “श्री देवऋषि अखाड़ा” द्वारा महामंडलेश्वर पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह निर्णय अखाड़ा प्रमुख पूज्य संत सत्यदेव महाराज, अखाड़ा सचिव जितेंद्र जी तथा आचार्य महामंडलेश्वर ऋभदेव महाराज के मार्गदर्शन एवं सहमति से लिया गया।
इस प्रतिष्ठित नियुक्ति की खबर मिलते ही भीलवाड़ा जिले सहित पूरे क्षेत्र के संत समाज, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं में खुशी और गौरव का माहौल बन गया। मालासेरी डूंगरी जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्र से जुड़े देवकरण पोसवाल को यह दायित्व मिलना क्षेत्र के लिए सम्मान की बात माना जा रहा है।
देवकरण पोसवाल ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, गौ सेवा एवं संत समाज की सेवा का पवित्र दायित्व है। उन्होंने अखाड़ा प्रमुख, पूज्य संतों एवं समस्त संत समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताया गया विश्वास उन्हें समाज और धर्म सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करेगा।
उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे महामंडलेश्वर के रूप में अपनी जिम्मेदारी पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निभाते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण, गौ संवर्धन तथा समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने इस नियुक्ति को देवकरण पोसवाल के लंबे समय से किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक योगदान का सम्मान बताते हुए इसे धर्म और सेवा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।
