उदयपुर । उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के देबारी पावर हाउस के पास गुरूवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की तरफ आ रहे एक टैंकर ने हाईवे पर देबारी पावर हाउस के पास अचानक अनियंत्रित होकर कई वाहनों को चपेट में ले लिया, इस दौरान पीछे आ रही कारें भी टैंकर से टकरा एक-दूसरे से भिड़ती चली गयीं। 10 से 12 कारे, ऑटो, टेंपो और 1 बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गयी। आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों से घायलों को निकाला गया। बताया जा रहा है कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर घायल है। जिनमें 6 लोग हॉस्पिटल भर्ती हैं, बाकि क्षतिग्रस्त वाहन चालकों के चोटें आयी हैं, जो प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गए। थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि देबारी पावर हाउस के सामने हाईवे पर चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की तरफ आ रहा एक टैंकर अचानक ढलान पर अनियंत्रित हो गया, अनियंत्रित टैंकर ने आगे चल रहे कई वाहनों को चपेट में लिया, इस दौरान पीछे आ रही कारें भी टैंकर से टकरा एक-दूसरे से भिड़ती चली गयीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और कई लोग क्षतिग्रस्त वाहनों में फंस गए। पुलिस ने सभी घायलों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे में 6 लोग घायल हैं, इनमें एक बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।प्रथमदृष्ट्या टैंकर के ब्रेक फेल होने या ढलान पर टैंकर के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ है। हॉस्पिटल में उपचाररत घायलों और उनके परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं, अग्रिम कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि सभी वाहनों को मौके से हटाकर या साइड कर यातायात सुचारू कर दिया गया है । जानकारी के अनुसार सुबह देबारी हाईवे पर इसी जगह के पास एक कैमिकल टैंकर भी पलटा था। तब मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को साइड करवा दिया था और फायरबिग्रेड की मदद से कैमिकल को सड़क से धो दिया गया था। इसके कुछ घंटों बाद ही यहां यह भीषण हादसा हो गया।
