हनुमान जयंति पर श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में महाआरती में उमड़े भक्त
भीलवाड़ा, 2 अप्रेल। भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त श्री हनुमानजी महाराज का जन्मोत्सव गुरूवार को शहर के मुख्य डाकघर के समीप स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में उत्साह एवं भक्ति भावना के साथ मनाया गया। हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह हनुमानजी महाराज की प्रतिमा को स्वर्ण चोला चढ़ाया गया। दोपहर 12.15 बजे हनुमानजी की महाआरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालु उमड़े पड़े। महाआरती मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज ने की। महाआरती के बाद हनुमानजी महाराज को 1100 किलो केसरयुक्त काजूकतली का महाभोग लगाया गया। भक्तिपूर्ण माहौल में बाल हनुमान का रूप धरे बालक के हाथों 11 किलो का केक भी कटवा कर हनुमान जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गई। महाभोग एवं केक काटने के दौरान जयश्री राम एवं हनुमानजी महाराज के जयकारे गूंजायमान होते रहे। महाआरती शुरू होने से पहले ही मंदिर में हनुमानजी महाराज के दर्शनों के लिए भक्ति एवं आस्था से ओतप्रोत श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। महाआरती एवं महाभोग के बाद काजूकतली का प्रसाद भक्तों में वितरित करना शुरू हुआ तो प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारे लग गई। किसी भी श्रद्धालु को प्रसाद पाने में परेशानी नहीं आए इसके लिए कई कार्यकर्ताओं को प्रसाद वितरण के कार्य में लगाया गया। हनुमान जयंति महोत्सव के अवसर पर मंदिर पर मनमोहक फूलों से विशेष सजावट के साथ भव्य रोशनी की गई।
हनुमानजी महाराज की आराधना में सुंदरकांड़ की प्रस्तुति
हनुमान जयंति आयोजन के तहत शनिवार रात श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के बाहर श्री बालाजी सत्संग मण्डल के एसके खण्डेलवाल एवं साथियों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ की प्रस्तुति दी गई। मंदिर के पूज्य महन्त श्रीबाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में दी गई प्रस्तुति के दौरान सुंदरकांड पाठ का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में भक्तगण पहुंचे। सुंदरकांड पाठ के माध्यम से हनुमानजी महाराज की भक्ति का लाभ लिया गया। कार्यक्रम का संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया।
