ग्रीष्मावकाश सहित अन्य अवकाशों में मनमानी कटौती को वापस लेने की मांग को लेकर शिक्षक संघ (सियाराम) ने किया आंदोलन का एलान

जयपुर में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में लिया निर्णय

भीलवाड़ा : 03 अप्रेल / राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के संरक्षक मंडल एवं नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संगठन के लाल कोठी जयपुर स्थित प्रांतीय कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। यह जानकारी देते हुए राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा और जिला मंत्री महेश मंडोवरा ने बताया कि बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने शिविरा पंचांग 2026–27 में ग्रीष्मावकाश व संस्था प्रधान द्वारा घोषित अवकाश में कटौती का कड़ा विरोध किया है।राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों व भीषण गर्मी को देखते हुए जून माह में विद्यालय खोलना पूर्णतया अव्यावहारिक है।क्षेत्रीय व स्थानीय उत्सवों एवं आयोजनों में राजकीय अवकाश नहीं होने पर भी वहाँ के शत प्रतिशत बालकों की भागीदारी उसमें रहती है,इसी कारण से संस्था प्रधान द्वारा दो अवकाश घोषित किए जाने का प्रावधान रखा गया हैं,इसमें कटौती किया जाना समझ से परे हैं।प्रदेश संगठन मंत्री लीलाधर तिवाड़ी ने बताया कि बैठक में चर्चा हुई कि शिक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार के गलत व अव्यावहारिक निर्णय लेने से सरकार की छवि भी धूमिल हुई है।प्रदेश सह संगठन महामंत्री प्रेमशंकर जोशी के अनुसार विभिन्न प्रकार के अवकाशों में की गई कटौती को तत्काल दूर कर शिविरा कैलेंडर में संशोधन की मांग को लेकर संगठन ने आंदोलन की घोषणा की है।आंदोलन के विभिन्न चरणों में 7 अप्रैल को सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे,8 अप्रैल को उपशाखा स्तर से उपखंड अधिकारी व 20 अप्रेल को जिला स्तर से जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।18 मई को शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल शिक्षक रैली निकाली जाएगी।बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्य संरक्षक सियाराम शर्मा ने कहा कि शिक्षा मंत्री के सलाहकारों की अदूरदर्शिता एवं विभागीय नासमझी के कारण शिक्षा, शिक्षार्थियों व शिक्षकों से जुड़े महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर समय पर निर्णय नहीं लिया जा रहा है,जिससे राज्य में शिक्षा व शिक्षार्थियों का बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है। बैठक में कई प्रमुख प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। अंत में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।