मंगरोप@मुकेश खटीक।गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मंगरोप कस्बे में भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई।जिसमें पूरे गांव का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी।शोभायात्रा में नन्हे-मुन्ने बच्चों को राम परिवार का स्वरूप धारण कराया गया।राम,सीता,लक्ष्मण,भरत,शत्रुघ्न के साथ हनुमान जी एवं दो अंगरक्षक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।शोभायात्रा में विभिन्न झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।महावीर वैष्णव ने बुजुर्ग महिला का रूप धारण कर सभी को चौंका दिया,वहीं दिनेश किर महाकाल के रूप में नजर आए,जो शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण रहे।पीरू किर ने बालाजी महाराज का स्वरूप धारण कर श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही बटोरी।शोभायात्रा डूंगर पाछला बालाजी मंदिर से रवाना होकर माता का मंड, तेजाजी चौक,मालियों का मंदिर,डाड मोहल्ला,बड़ा मंदिर चौक,बाजार के हनुमान जी,जलालियां चौक,सब्जी मंडी,मस्जिद चौक,रामदेव जी मंदिर,अंबेडकर सर्किल,खटीक मोहल्ला,बस स्टैंड एवं कीर मोहल्ला होते हुए पुनः अपने गंतव्य स्थान पर पहुंची।पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
सामूहिक भोज में दिखी मिसाल:
शोभायात्रा के समापन पर महाआरती के बाद पूरे गांव के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया।इस आयोजन में करीब 3 हजार लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की।“एक संगत,एक पंगत”की भावना के साथ आयोजित इस भोज में खास बात यह रही कि किसी ने भी जूठन नहीं छोड़ी,जो अनुशासन और एकता की अनूठी मिसाल बनी।भोजन व्यवस्था में पूरे गांव के लोगों ने मिलकर सहयोग दिया।
प्रशासन नदारद,पुलिस का रहा सहयोग:
कार्यक्रम के दौरान थाना पुलिस का कानूनी व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग रहा,जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।वहीं प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम से नदारद नजर आए।
बाजार के बालाजी के यहां हुआ सुंदरकांड का आयोजन:
भोजन के पश्चात श्रद्धालु बाजार स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे,जहां सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया।महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को आमरस,केले और अन्य फलों का प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में बड़े मंदिर अध्यक्ष राघव सोमानी ने सभी श्रद्धालुओं एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।इस अवसर पर अशोक पाराशर,मयूर पाराशर,लादूलाल किर,भेरू खटीक मामा,राकेश तेली,दिनेश किर,पिंटू झाला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

