मुख्यमंत्री की 11 अप्रैल को प्रस्तावित हिंडोली यात्रा को लेकर प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने लिया तैयारियों का जायजा

बूंदी- स्मार्ट हलचल|मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की आगामी 11 अप्रैल को प्रस्तावित हिंडोली यात्रा को लेकर की गई तैयारियों की शुक्रवार को ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बूंदी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने गर्मी के मौसम को देखते हुए आमजन की सुविधा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर भीषण गर्मी को देखते हुए ठंडी हवा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। शुद्ध ओर शीतल पेयजल के समुचित प्रबंध रहें, ताकि आने वाले लोगों को परेशानी न हों। वाहनों के लिए चिन्हित किए गए स्थानों को तत्काल समतल करवाने के निर्देश दिए ताकि जाम की स्थिति न बने।

उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने वाले लोकार्पण कार्यक्रमों को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन भी भवनों का लोकार्पण होना है, उनकी सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता की गहन जांच की जाएं। सार्वजनिक निर्माण विभाग से ‘सुरक्षा संबंधी प्रमाण पत्र’ अनिवार्य रूप से प्राप्त करने के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएं।

प्रभारी मंत्री ने परिवहन व्यवस्थाओं को अभी से चाक-चौबंद करने और यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित करें कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान आम जनता को असुविधा न हो और कार्यक्रम गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो। इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, कार्यवाहक जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, हिण्डोली उपखण्ड अधिकारी शिवराज मीणा एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।