बिजौलियां । गोपालपुरा हायर सेकण्डरी स्कूल में पांच दिन पहले 29 मार्च को दो गैस सिलेंडर चोरी के बाद आज फिर चोरों ने ताला तोड़कर गैस की भरी टंकी चुरा ली। हैरानी की बात है कि पिछली बार की तरह इस बार भी चोर खाली टंकी नहीं ले जाकर भरी टंकी उठा ले गए। इससे यह स्पष्ट होता है कि चोरों का मकसद गैस भरी टंकियां उठाने का ही था। प्रधानाचार्य कमलेश कुमार भील ने बताया कि विद्यालय आज गुड फ्राइडे का अवकाश चलते बंद था। पिछली बार भी 29 मार्च को अवकाश का मौका देखकर चोर खाली टंकियों को छोड़कर दो भरी गैस टंकियां उठा ले गए। चोरी की वारदात भी उसी तरीके की थी। सरिये से ताले और कुंदी तोड़ी गई। पिछली बार की तरह सरिया भी मौके पर छोड़ गये। दो टंकियां चोरी होने के बाद स्टाफ ने पास के इन्द्रपुरा स्कूल से टंकी मंगाकर विद्यार्थियों के लिए पोषाहार बनवाया था। क्षेत्र में गैस टंकियां चुराने की वारदातें बढ़ने के बावजूद भी पुलिस के सक्रिय नहीं होने से चोरों के हौंसले बुलंद हैं। शिक्षकों का कहना है कि अधिकांश विद्यालय आबादी क्षेत्र से दूर होने से चोरी की घटनाएं बढ़ रही है।
