काम शुरू किया… फिर छोड़ दिया! सड़क बनी हादसों का अड्डा

शारदा चौराहे से 200 फीट रोड तक खुदी सड़क, महीनों से बंद पड़ा डिवाइडर निर्माण
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से 3 गोवंश बाल-बाल बचे, बड़ा हादसा टला

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर में शारदा चौराहे से 200 फीट रोड के बीच डिवाइडर निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। सड़क को बीच से खोदकर डिवाइडर बनाने का काम शुरू किया गया था, लेकिन महीनों से कार्य बंद होने के कारण सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। इस कारण यह मार्ग अब हादसों का कारण बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मिट्टी, गड्ढे और खुदाई के कारण रोजाना वाहन चालक परेशान हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है।
आज इसी मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर तीन गोवंशों को टक्कर मारने वाली थी, लेकिन बाल-बाल बचाव हो गया और बड़ा हादसा टल गया। लोगों का कहना है कि यदि वाहन थोड़ा भी फिसल जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
रात के समय सड़क पर बैरिकेड, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त लाइटिंग नहीं होने से दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। धूल उड़ने से आसपास के दुकानदार और कॉलोनीवासी भी परेशान हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य तुरंत शुरू कर जल्द पूरा कराया जाए, साथ ही मौके पर रेडियम बोर्ड, बैरिकेड, स्ट्रीट लाइट और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।