शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बनेठा। स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र के बनेठा कस्बे में शनिवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट लेते हुए कहर बरपा दिया। तेज बेमौसम बारिश के साथ हुई जोरदार ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। दोपहर बाद अचानक आसमान में काली घटाएं छा गईं और देखते ही देखते बारिश के साथ बड़े-बड़े ओले गिरने लगे। करीब 10 मिनट तक चली इस ओलावृष्टि ने पूरे बनेठा कस्बा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के अनुसार इस बार गिरने वाले ओले सामान्य से कहीं अधिक बड़े और भारी थे, जिनका वजन लगभग 10 से 15 ग्राम तक बताया जा रहा है।ओलों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सड़कों पर सफेद चादर जैसी स्थिति बन गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। इस अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि ओलावृष्टि के कारण फसल झड़ने और उत्पादन में भारी गिरावट आने की संभावना बन गई है।
*प्रशासन से मांग*
किसानों ने प्रशासन से फसल खराबे का जल्द सर्वे करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।
