शाहपुरा@(किशन वैष्णव)निकटवर्ती डाबला रोड स्थित एक खेत में शुक्रवार को सरसों निकालने के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। कटर मशीन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू तेली (42 वर्ष) पुत्र गोपाल तेली, निवासी शाहपुरा, अपने ही भाई के ट्रैक्टर पर चालक के रूप में कार्य करता था। शुक्रवार को वह ट्रैक्टर मालिक के खेत पर सरसों निकालने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चल रही कटर मशीन में गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना अत्यंत भयावह थी। मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर खून के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। हादसे के बाद आसपास का माहौल स्तब्ध हो गया।
मृतक के चचेरे भाई हंसराज ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि राजू अपने भाई के ट्रैक्टर पर ड्राइवर का कार्य करता था और सरसों निकालते समय यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शाहपुरा थाने से एएसआई जगदीश प्रसाद, कांस्टेबल जोगिंदर सिंह एवं किशन गोपाल खींची मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कटर मशीन से शव को नीचे उतारा और एंबुलेंस के माध्यम से शाहपुरा के राजकीय अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
