रायला (लक्की शर्मा)।भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव में 4 वर्षीय मासूम दिव्या खारोल की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रविवार सुबह बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। कुछ समय बाद जब परिजनों ने उसे तलाश किया तो उसका शव पास ही स्थित कुएं में मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब यह सामने आया कि इसी कुएं में कुछ महीने पहले मृतका के भाई का शव भी मिला था। पंचायत समिति बनेड़ा के प्रधान प्रतिनिधि विजेन्द्र सिंह राठौड़ ने इसकी पुष्टि करते हुए इसे बेहद चिंताजनक बताया। वहीं, परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी साजिश के तहत उनके बच्चों की हत्या कर शव कुएं में डाले जा रहे हैं। लगातार एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से ग्रामीणों में भी आक्रोश और भय का माहौल है। रायला थाने के एएसआई कैलाश चंद्र प्रजापत ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
