चिमु धतरवाल
बायतु।स्मार्ट हलचल|राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ द्वारा 23 मार्च 2026 से चलाया जा रहा “पदोन्नति नहीं तो काम नहीं” आंदोलन महत्वपूर्ण वार्ता के बाद 8 जून 2026 तक स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय पंचायती राज एवं स्कूल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तथा शासन सचिव जोगाराम के साथ हुई दो दौर की बातचीत के बाद लिया गया।
इससे पूर्व 1 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री के निर्देश पर संसदीय कार्य एवं कानून मंत्री जोगा राम पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मांगों के समाधान का आश्वासन दिया था।
बालोतरा ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष आमसिंह भायल और जिला मंत्री किशन लाल मूंढ ने बताया कि ताजा वार्ता में पदोन्नति नियमों में संशोधन को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। इसके तहत लंबित पदोन्नतियों में से इसी माह करीब 125 अतिरिक्त ग्राम विकास अधिकारियों को विकास अधिकारी पद पर पदोन्नत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों से लंबित पदोन्नतियों की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे लगभग 3000 ग्राम विकास अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नति मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
इसके अलावा ग्राम विकास अधिकारी संवर्ग के कैडर पुनर्गठन तथा स्थानांतरण नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी सहमति बनी है, जिसका कार्यवाही विवरण जारी कर दिया गया है।
पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने विभाग में 850 रिक्त पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम इसी सप्ताह जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, 11 सूत्रीय मांग पत्र की अन्य मांगों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मंत्री ने संघ पदाधिकारियों से अपील की कि वे प्रदेशभर के ग्राम विकास अधिकारियों को सक्रिय कर ग्रामीण राजस्थान में निरंतर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
