भीलवाड़ा। श्री सकल जैन संघ मेवाड़ के तत्वावधान में शांति भवन में आयोजित जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को अत्यंत भव्य एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उदयपुर संभाग के सभी जिलों से समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे आयोजन को व्यापक स्वरूप मिला। कार्यक्रम में लगभग 350 युवक-युवतियों का पंजीयन हुआ, जिनमें से अधिकांश उपस्थित रहे, वहीं करीब 1000 से अधिक समाजजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी एवं सहाड़ा विधायक लादू लाल पीतलिया ने अपने उद्बोधन में ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि “समाज में इस प्रकार के परिचय सम्मेलन समय की आवश्यकता हैं, जो युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज को एक नई सोच प्रदान करते हैं।”
उन्होंने समाजहित में इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह प्रयास समाज को संगठित करने और नई दिशा देने वाला है। साथ ही एपेक्स डायरेक्टर महावीर चौधरी, आरसीएम डायरेक्टर त्रिलोक छाबड़ा सहित विशिष्ट अतिथियों में मीठा लाल सिंघवी, कंवर लाल, प्रमिला सूर्या, पुष्पा राजेंद्र गोखरू, हेमंत कोठारी, लीला कोठारी एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसमें श्वेतांबर, दिगंबर एवं तेरापंथ समाज के पदाधिकारी एवं महिला मंडल बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर लगभग 15 से 20 रिश्ते तय होने की संभावना व्यक्त की गई, वहीं 5 रिश्तों के शीघ्र विवाह होने की संभावना भी जताई गई। आयोजकों द्वारा घोषणा की गई कि जो रिश्ते इस मंच पर फाइनल होंगे, उन्हें ₹5100 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
युवतियों का सम्मान एवं प्रतिभाओं का अभिनंदन
कार्यक्रम में सभी पंजीकृत युवतियों को प्रोत्साहन स्वरूप घड़ी एवं ब्रेसलेट भेंट कर सम्मानित किया गया।
साथ ही वर्ष 2026 में डॉक्टर एवं इंजीनियर बने 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया, जिससे कार्यक्रम में प्रेरणादायक वातावरण बना।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसे चेतना चपलोत, सुनीता बागचार, ज्योति कोठारी एवं नीलम डागलिया द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात स्वागत गीत सुनीता पीपाड़ा, नीलू पानगढ़िया, मधु मेडतवाल, रीना सिसोदिया, किरण सेठी एवं डिंपल सिंघवी द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान संस्कारों से ओत-प्रोत नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसका निर्देशन किरण सेठी के नेतृत्व में किया गया।
पदाधिकारियों की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में श्री सकल जैन संघ मेवाड़ के राष्ट्रीय संयोजक तेजमल गना, राष्ट्रीय अध्यक्ष महावीर नंदावत, राष्ट्रीय संरक्षक वास्तुपाल नलवाया, सहसंयोजक हिम्मत सिंह राका, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र सिसोदिया, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष किरण पोखरणा, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष समकित वया, संरक्षक तेजमल नाहर, आयोजन संयोजक अशोक कोठारी, महिला संयोजक मधु लोढ़ा एवं युवा अध्यक्ष अरिहंत मेहता सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजक मधु ललित लोढ़ा द्वारा किया गया।
समाज के लिए सशक्त पहल
कार्यक्रम की सफलता पर सभी उपस्थित जनों ने आयोजकों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सशक्त, उपयोगी एवं नई दिशा देने वाली पहल बताया।
