गंगापुर-108 एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव, मां-बेटी स्वस्थ

भीलवाड़ा/स्मार्ट हलचल|मानवता और त्वरित सेवा का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया, जब 108 एम्बुलेंस में ही एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया।आज सुबह करीब 6:40 बजे लखोला गांव से एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में अचानक महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 एम्बुलेंस (RJ14 PE 7623) को तुरंत रास्ते में ही रोकना पड़ा।
एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी विशाल सुवालका ने सूझबूझ, तत्परता और अपनी चिकित्सा दक्षता का परिचय देते हुए मौके पर ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एम्बुलेंस में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित रूप से गंगापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
इस मानवीय और सराहनीय कार्य के लिए महिला के परिजनों ने ईएमटी विशाल सुवालका एवं एम्बुलेंस पायलट महेंद्र कुमार वर्मा का आभार व्यक्त किया।
यह घटना 108 एम्बुलेंस सेवा की तत्परता, कुशलता और मानव सेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।