मंगरोप@मुकेश खटीक।हमीरगढ़ क्षेत्र के नेशनल हाईवे-48 के समीप स्थित छोबावड़ी सगस जी धाम,रत्नेश्वर महादेव मठ में मंगलवार से सनातन धर्म के पावन महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ।महंत साध्वी देवगिरी के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव के पहले दिन श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।महोत्सव के पहले दिन सुबह भव्य पावन कलश यात्रा निकाली गई।जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।यह यात्रा तगतपुरा बड़ा मंदिर से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई छोबावड़ी सगस जी धाम परिसर पहुंची।महिलाओं ने सिर पर कलश धरे साथ ही भक्ति गीतों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कलश यात्रा के पश्चात विधि-विधान से यज्ञ मंडप प्रवेश कराया गया तथा नवकुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ हुआ।इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के बीच पूरा परिसर धर्ममय माहौल में सराबोर रहा।आयोजन समिति ने बताया कि यह महोत्सव 13 अप्रैल तक चलेगा।इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक आयोजन यज्ञ,भजन संध्या व प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।श्रद्धालुओं में महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।कार्यक्रम में दुर्गा शक्ति अखाड़ा समिति की बहनों ने हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए महिला सशक्तिकरण का प्रदर्शन किया।यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने हाथी पर सवार महंत साध्वी सहित कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत अभिनन्दन किया।इस दौरान युग प्रदीप सिंह राणावत,हर्षवर्धन सिंह,गिरिराज मूंदड़ा,ओमप्रकाश व्यास,गोपाललाल पारीक,कैलाश चंद्र मंडोवरा,कालूलाल पारीक,मनोज कुमार चौरसिया,सुभाषचन्द्र दरक,सीताराम अहीर,नानूराम अहीर,दही लाल,पुजारी हजारीलाल सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवावर्ग की सहभागिता रही।आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से महोत्सव में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
