पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 850 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। यह कार्रवाई शहर के संतोषी माता मंदिर रोड क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी सप्लाई देने की तैयारी में खड़ा था।
पुलिस के अनुसार एएनटीएफ की भीलवाड़ा चौकी को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अफीम लेकर खड़ा है और उसे किसी को सप्लाई करने वाला है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ टीम ने गांधीनगर थाना पुलिस को साथ लेकर मौके पर दबिश दी।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, संदिग्ध युवक घबराकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 850 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोमाराम जाट (25) पुत्र गंगाराम जाट निवासी डूडीनगर, दुगर आगोलाई, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह अफीम कहां से लेकर आया था और भीलवाड़ा में किसे सप्लाई करने वाला था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संभावित तस्करी नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी एएसआई अयुब खां सहित एएनटीएफ और गांधीनगर थाना पुलिस की टीम सक्रिय रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी
