(मुकेश गुर्जर)
गंगापुर। स्मार्ट हलचल|समाज सुधारक एवं महान विचारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर 11 अप्रैल को गंगापुर में माली समाज के तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सोमवार को माली समाज धर्मशाला में समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से नंदकिशोर गहलोत को कार्यक्रम का अध्यक्ष एवं भेरुलाल माली को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर जिम्मेदारी सौंपी गई
वहीं शोभायात्रा की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गहलोत को सौंपी गई है। बैठक में युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।
रामप्रसाद माली ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 11 अप्रैल को प्रातः 9:00 बजे से माली समाज धर्मशाला, वार्ड नंबर 06 में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की गई है। इसके साथ ही शहर में भव्य शोभायात्रा एवं वाहन रैली भी निकाली जाएगी, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
माली समाज के पदाधिकारियों ने सभी समाज बंधुओं एवं आमजन से इस पुण्य कार्य में भाग लेकर रक्तदान करने एवं शोभायात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
