सावर में पेंशनर समाज का सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच बुजुर्गों का अभिनंदन

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|राजस्थान पेंशनर समाज उप शाखा सावर के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सावर के सभागार में 75 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर सिटीजन पेंशनर बुजुर्गों एवं भामाशाहों का भव्य एवं ऐतिहासिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही।
समारोह का शुभारंभ मां शारदा के दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई तथा विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समारोह को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान पेंशनर समाज जयपुर के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर रहे, जबकि अध्यक्षता पेंशनर जिला शाखा केकड़ी के जिला अध्यक्ष कैलाश चंद्र जैन ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में आरसी गुप्ता, जगदीश प्रसाद कारपेंटर (अध्यक्ष कादेड़ा), रूपचंद पांडे (अध्यक्ष सरवाड़), मोहन सिंह राव, कैलाश चंद्र रत (उपकोषाधिकारी), लायंस क्लब के प्रतिनिधि, सागर जागृति मंच भीलवाड़ा के अध्यक्ष कैलाश चंद्र तिवारी, भामाशाह अविनाश कोठारी एवं प्रधानाचार्य अनिल कुमार झंकार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम में लायंस क्लब द्वारा भी वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। समारोह के दौरान 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों का माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उप शाखा सावर द्वारा 15 वरिष्ठ पेंशनर्स का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। साथ ही भामाशाह अविनाश कोठारी सहित अन्य समाजसेवियों का भी सम्मान किया गया।
स्वागत उद्बोधन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गिरजा नायक ने दिया, जबकि पेंशनर समाज के कोषाध्यक्ष कालूराम रेगर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह को शिक्षाविद रमेश चंद्र त्रिवेदी, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजस्थान पेंशनर समाज उप शाखा सावर के अध्यक्ष महेंद्र कुमार राव एवं कोषाध्यक्ष कालूराम रेगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनका समारोह में अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सेवानिवृत्त शिक्षाविद राजेंद्र प्रताप सिंह शक्तावत एवं रामेश्वर प्रसाद सुवालकर ने किया। समारोह का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।