सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर पंचायतों को थमाए नोटिस-कार्रवाई की चेतावनी

– उनियारा पंचायत समिति टीम का निरीक्षण: नालियां जाम-गांवों में गंदगी मिलने पर अधिकारियों की सख्ती

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति उनियारा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत किए गए निरीक्षण में कई ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था बदहाल मिली, जिस पर 3 ग्राम पंचायतों के जिम्मेदार ग्राम विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
कार्यालय पंचायत समिति उनियारा के खण्ड विकास अधिकारी शंकरलाल मेघवाल द्वारा जारी प्रेसनोट के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से 7 अप्रैल के बीच 7 दिन तक चलाए गए जांच अभियान में मन खण्ड विकास अधिकारी, सहायक अभियंता, सहायक विकास अधिकारी एवं प्रगति प्रसार अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई ग्राम पंचायतों के गांवों में नियमित सफाई नहीं होने, नालियों के अवरुद्ध होने और जगह-जगह गंदगी पाए जाने के मामले सामने आए। स्थिति को गंभीर मानते हुए तीन ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। खण्ड विकास अधिकारी ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी।