गांव में ही बांटने की मांग, रसद अधिकारी बोले-अप्रैल से मिलेगा
बानसूर :- स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के ग्राम बुटेरी में पिछले छह माह से राशन वितरण नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने गांव में ही राशन वितरण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को पत्र लिखा। ग्रामीण कैप्टन बिल्लूराम शेखावत ने बताया कि राशन नहीं मिलने के कारण लोगों को दूर-दराज से राशन लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि उनके हिस्से का राशन ग्राम पंचायत मुख्यालय बुटेरी में ही वितरित किया जाए। ग्रामीण मोहर सिंह मेघवाल ने कहा कि गांव का राशन गांव में ही बांटा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग द्वारा बुटेरी का प्रभार दिए गए राशन डीलर को गांव की आवश्यकतानुसार पूरा राशन आवंटित किया जाना चाहिए।
जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा ने बताया कि बुटेरी में राशन वितरण संबंधी शिकायत दो-तीन माह पहले मिली थी। जांच में पता चला कि पूर्व डीलर विक्रम ने 500 क्विंटल राशन का गबन किया था। विस्तृत जांच और पिछले पांच साल के रिकॉर्ड के मिलान के बाद उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया, उसे सेवा से बर्खास्त किया गया और 10 लाख रुपए की वसूली का नोटिस जारी किया गया। इस मामले में संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई हैं। शर्मा ने आगे बताया कि राशन वितरण की अस्थायी व्यवस्था के तहत बुटेरी गांव को राजेंद्र सिंह महनपुर से जोड़ा गया है। सभी राशन कार्ड उनकी पीओएस मशीन में मैप कर दिए गए हैं। चूंकि यह प्रक्रिया फरवरी में पूरी हुई थी और विभाग के नियमानुसार राशन का आवंटन दो महीने पहले होता है, इसलिए अप्रैल से डीलर राजेंद्र सिंह को बुटेरी का राशन आवंटित होना शुरू हो जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि उपभोक्ताओं की राहत के लिए बुटेरी क्षेत्र के राशन डीलर ऋषिपाल शर्मा, राजेंद्र सिंह और रतिराम का माल बढ़ाकर उपभोक्ताओं को राशन वितरित किया गया है। फिर भी यदि कोई उपभोक्ता इससे वंचित है तो हम उनका राशन दिलवाएंगे।
