स्मार्ट हलचल|दूनी तहसील के घाड़ कस्बे में बीसलपुर पेयजल योजना के तहत घरों में नल कनेक्शन लगाए गए थे, लेकिन पिछले दो साल से इनमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे मीणा मोहल्ले के निवासी प्रभावित हैं।मोहल्लेवासियों का आरोप है कि इन नल कनेक्शनों को टंकी वाली मुख्य लाइन से जोड़ना ही भूल गए, जिसके कारण ये कनेक्शन केवल दिखावा बनकर रह गए हैं। यह समस्या बस स्टैंड के पास स्थित मीणा मोहल्ले में गंभीर बनी हुई है।राशी वसूली, लेकिन आपूर्ति शुरू नहीं
बीसलपुर योजना के तहत मोहल्लेवासियों से तीन साल पहले 2500 रुपए की राशि भी वसूली गई थी। इसके बावजूद, घरों में लगे नल कनेक्शनों से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है।
इस संबंध में मोहल्लेवासियों ने कई बार हेल्पलाइन नंबर पर और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दर्ज कराई हैं। हालांकि, अब तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है।
पिछले दिनों घाड़ पंचायत के समस्या समाधान शिविर में बीसलपुर परियोजना के जैन पुरणमल को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था। उस समय पुरणमल ने एक महीने के भीतर पेयजल आपूर्ति शुरू करवाने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, इस आश्वासन के तीन महीने बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। अपनी दैनिक जरूरतों के लिए मोहल्ले के लोग रोजाना एक किलोमीटर दूर स्थित बीसलपुर पंप हाउस से पानी लाने को मजबूर हैं।
बीसलपुर परियोजना के सुपरवाइजर रामलाल गुर्जर ने आज बताया कि दो दिन में लाइन को जोड़ दिया जाएगा और पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
