राजसमंद/देवगढ़, 8 अप्रैल। स्मार्ट हलचल|राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को देवगढ़ स्थित होटल श्री राम पैलेस पर बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. हेमंत कुमार बिंदल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में बदबूदार और अवधि पार हो चुकी (Expired) भारी मात्रा में खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल के निरीक्षण के दौरान होटल में लगभग 5 किलोग्राम बदबूदार और खराब मावा (खोया) पाया गया। इसके साथ ही, लगभग 20 किलोग्राम अवधि पार ब्रेड, टोस्ट, अचार, और सॉस भी मिली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत इन सभी खराब खाद्य सामग्रियों को तुरंत मौके पर नष्ट करवाया गया।
टीम ने तेल का एक नमूना भी खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लिया। इस नमूने को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला उदयपुर भेजा जाएगा। CMHO कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री प्रेमचंद शर्मा, प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र डांगी, और सहायक श्री महेंद्र सिंह शामिल थे।
ईट राइट स्कूल अभियान के तहत पसुंद में जागरूकता
अभियान के तहत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पसुंद, राजसमंद में ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सुरक्षित आहार-सही आहार सेवन, लेबल रीडिंग, और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को व्यवस्थित रखने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
