स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का तीन दिवसीय आयोजन

शशिकांत शर्मा

स्मार्ट हलचल|वैर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैर में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ वैर के तत्वावधान में द्वितीय व तृतीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का तीन दिवसीय आयोजन दिनांक 06 अप्रैल 2026 से 08 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। इस शिविर में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 120 स्काउट एवं गाइड उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
शिविर का सफल संचालन स्थानीय संघ वैर के सचिव सत्य प्रकाश शर्मा एवं क्वार्टर मास्टर गोविंद सिंह धाकड़ द्वारा कुशलतापूर्वक किया जा रहा है। शिविर में स्काउट-गाइड के सिद्धांतों, अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
आज शिविर के द्वितीय दिवस पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी भरतपुर अनित कुमार शर्मा, सी.ओ गाइड भरतपुर कल्पना शर्मा एवं सी.ओ. स्काउट भरतपुर देवेन्द्र कुमार मीना ने शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित स्काउट एवं गाइड से संवाद स्थापित कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का फीडबैक प्राप्त किया तथा विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन एवं सहभागिता की सराहना की।
शिविर के दौरान आज सामुदायिक सेवा गतिविधि के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड द्वारा स्थानीय पार्क एवं पुरातात्विक बावड़ी की साफ-सफाई कर श्रमदान किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज के प्रति अपने दायित्वों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, नेतृत्व एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, यह शिविर विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी कौशल सिखाने का सशक्त माध्यम है।
शिविर का समापन 08 अप्रैल 2026 को विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।