ओम जैन
शंभूपुरा। स्मार्ट हलचल| एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट (भारतीय पत्रकार संघ ‘एआईजे’) ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकार कमल कुमार झोटा को राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
राजसमंद निवासी वरिष्ठ पत्रकार कमल कुमार झोटा के दीर्घकालीन पत्रकारिता अनुभव, सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता तथा पत्रकार हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है।
यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन के निर्देश पर तथा राष्ट्रीय महासचिव मनोहर मंडलोई की सहमति से विधिवत प्रभावी की गई है।
संगठन की ओर से झोटा से अपेक्षा की गई है कि वे राजस्थान प्रदेश में संगठन का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण करेंगे, पत्रकार साथियों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ेंगे, उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा संगठन की नीतियों, उद्देश्यों एवं अनुशासन का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे पत्रकार एकता, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता तथा जनहित के मूल्यों को सशक्त बनाने में नेतृत्व प्रदान करेंगे।
विदित हो कि भारतीय पत्रकार संघ आज देशभर के पत्रकारों के बीच एक सशक्त, विश्वसनीय और सेवा-आधारित संगठन के रूप में स्थापित हो चुका है। विगत 12 वर्षों की सतत सेवा, समर्पण और जमीनी कार्यशैली के परिणामस्वरूप वर्तमान में संगठन से 90,000 से अधिक पत्रकार साथी देश के विभिन्न राज्यों में जुड़े हुए हैं।
बराष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन ने कहा कि AIJ किसी पद, प्रतिष्ठा या व्यक्तिगत लाभ का मंच नहीं है, बल्कि यह पत्रकारों की गरिमा, सुरक्षा, एकता और जनहित की रक्षा के उद्देश्य से कार्य करने वाला एक राष्ट्रीय परिवार है। संगठन की मूल भावना निस्वार्थ सेवा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व पर आधारित है।
भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) ने विश्वास व्यक्त किया है कि कमल कुमार झोटा के नेतृत्व में राजस्थान में संगठन नई ऊर्जा, विस्तार और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
