विश्व नवकार दिवस: बिजौलियां में गूंजा नवकार महामंत्र, 108 देशों में एक साथ हुई विश्व शांति की कामना
बिजौलियां | रिपोर्टर: दीपक राठौर
विश्व नवकार दिवस के पावन अवसर पर बिजौलियां कस्बे में भक्ति और आस्था की अनूठी झलक देखने को मिली। श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर स्थित संतशाला में सकल जैन समाज बिजौलियां द्वारा नवकार महामंत्र जाप का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय साधर्मिजनों ने पूरे भक्तिभाव के साथ भाग लिया।
दीप प्रज्वलन कर विश्व शांति की प्रार्थना
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान पार्श्वनाथ के चित्र के अनावरण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सुमधुर ध्वनि में नवकार महामंत्र का पाठ प्रारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में समाज की महिलाओं, पुरुषों और युवा वर्ग ने भारी उत्साह के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक स्वर में नवकार मंत्र का सामूहिक जाप करते हुए सम्पूर्ण विश्व की शांति और कल्याण की मंगल कामना की।
उल्लेखनीय है कि आज ‘विश्व नवकार मंत्र दिवस’ के अवसर पर विश्व के 108 देशों में 6000 से अधिक स्थानों पर एक साथ नवकार मंत्र की गूंज उठी। इस वृहद वैश्विक कार्यक्रम में जीतो (JITO – Jain International Trade Organisation) संगठन मुख्य भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम देश की राजधानी दिल्ली में संपन्न हुआ, जिसमें देश के गृह मंत्री अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
