‘अनंत उत्सव’ में विशेष बच्चों ने जिया खुशियों का संसार, सिटी पार्क में दिखा संवेदनशीलता का अद्भुत संगम
कोटा। स्मार्ट हलचल|समाज में संवेदनशीलता और करुणा के भाव को साकार करते हुए रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया द्वारा सिटी पार्क में आयोजित “अनंत उत्सव” विशेष बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया। आयोजन में शहर के विभिन्न संस्थानों से जुड़े 472 से अधिक विशेष बच्चे एवं बालिकाओं ने भाग लेकर आनंद और उत्साह से भरपूर पल बिताए।
संस्थापक प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन अनंत युवा प्रतिष्ठान से प्रेरित होकर किया गया, जिसका उद्देश्य विशेष बच्चों को मुख्यधारा में जोडकर एक सुरक्षित, आत्मीय और आनंदमय वातावरण प्रदान करना था। कार्यक्रम में बाधित बाल विकास केंद्र, श्री करणी नगर विकास समिति, गंगा विज़न, घुमंतू छात्रावास, तेजस्विनी बालिका छात्रावास, एलबीएस दिव्यांग विद्यार्थी, शिवालिका एवं मधुस्मृति सहित कई संस्थाओं के बच्चे शामिल हुए।
सिमरन बब्बर के अनुसार सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले इस आयोजन में बच्चों ने सिटी पार्क के प्राकृतिक वातावरण के बीच बोटिंग, मैजिक शो, फेस पेंटिंग, ब्लॉक पेंटिंग और फेसबुक पेंटिंग जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई बच्चों के लिए बोटिंग का यह अनुभव पहली बार था, जिसने उनके चेहरे पर खास चमक ला दी। बच्चों ने कविता, नृत्य और गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आकर्षण रहा ड्रोन शो, जिसमें आसमान में रंग-बिरंगी रोशनियों से बनी आकृतियों—हाथी, घोड़े और विभिन्न डिज़ाइनों—ने बच्चों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान उनकी खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
मंजुल शर्मा ने बताया कि कलाकारों के साथ निकली रंगारंग परेड बच्चों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रही। रंगीन परिधानों और संगीत के बीच बच्चों ने स्वयं को इस आयोजन का केंद्र महसूस किया। रचनात्मक गतिविधियों ने उन्हें अपनी अभिव्यक्ति को खुलकर सामने लाने का अवसर दिया।
शाम ढलते ही आयोजित ड्रोन शो और आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को रोशनी से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पीयूष सामरिया एवं विशिष्ट अतिथि तेजस्विनी गौतम ने बच्चों के साथ केक काटकर उत्सव की खुशियों में सहभागिता की। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान मिले।
