लकी शर्मा
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे पर रायला थाने के आगे बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से कृषि वाहन कंबाइन हार्वेस्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मशीन पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक वाहन के हिस्सों में दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और रायला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबे युवक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और कृषि वाहन कंबाइन हार्वेस्टर को टक्कर मारने के बाद ट्रक दूसरी दिशा में जाकर एक केबिन को भी चपेट में ले बैठा। गनीमत रही कि उस समय सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
