प्राचीन लक्ष्छीराम-घासीराम मंदिर में चोरी चांदी के मुकुट, छत्र और आभूषण ले उड़े चोर, गांव में रोष

शशिकांत शर्मा

वैर, स्मार्ट हलचल। कस्बा वैर के पास स्थित गांव तंवरगढ़ में गुरुवार को एक प्राचीन लक्ष्छीराम-घासीराम मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर से चांदी के मुकुट, छत्र और अन्य आभूषण चोरी कर ले गए, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब गांव की महिलाएं और पुरुष नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर में स्थापित दोनों मूर्तियों पर चढ़े चांदी के दो मुकुट, दो छत्र और अन्य आभूषण गायब थे। यह देखकर मौके पर हड़कंप मच गया और तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई।

ग्रामीण देवीसिंह गुर्जर ने बताया कि मंदिर काफी प्राचीन है और गांव की आस्था का केंद्र है। इस तरह की चोरी की घटना से लोगों में गहरा आक्रोश है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

मौके पर गांव के बाबू, देवीसिंह, सुरेश, महेश, मनोज, राजाराम, विनोद, पुष्पेंद्र, छगन, रामेश्वर, अमरजीत, पीतम, मधु, मोहनसिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को शीघ्र पकड़ा जाएगा।