दिनेश साहू
आसींद (भीलवाड़ा)। स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस में संगठनात्मक विस्तार के तहत गुरुवार को महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की गईं। प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने भीलवाड़ा जिले के सभी ब्लॉकों में महिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा की, जिसमें भामिनी राठौड़ को आसींद ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष भामिनी राठौड़ का क्षेत्र में गहरा राजनीतिक जुड़ाव है। वह आसींद विधानसभा के पूर्व विधायक किशन सिंह दौलतगढ़ की पुत्रवधू हैं।
मनोनयन के पश्चात भामिनी राठौड़ ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा:
”मैं पार्टी की विचारधारा और संगठन के प्रति पूरी तरह निष्ठावान रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूँगी। महिला कांग्रेस को ब्लॉक स्तर पर मजबूत करना और जन-जन तक कांग्रेस की नीतियों को पहुँचाना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”
NSUI प्रदेश महासचिव संदीप चावला ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि भामिनी राठौड़ के नेतृत्व से आसींद ब्लॉक में महिला कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। नियुक्ति की सूचना मिलते ही क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
