शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल|जिले में उनियारा सर्किल के अलीगढ़ थाना क्षेत्र में टोंक–सवाई माधोपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 552 पर गुरुवार शाम करीब 4 बजे ग्राम सहीदाबाद के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो कार (RJ 21 UC 3190) ने पीछे से HF डीलक्स बाइक (RJ 26 SR 7683) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे, जबकि बोलेरो भी अनियंत्रित होकर कुछ दूरी पर पलट गई। हादसे के बाद बोलेरो कार चालक मौके से फरार हो गया। बोलेरो नागौर डीटीओ में रजिस्टर्ड है जो किसी रामेश्वरलाल के नाम से है। बाइक सवार पप्पूलाल कीर (32) पुत्र कूरीलाल कीर निवासी सरवराबाद थाना सदर टोंक तथा घायल महेन्द्र कीर (21) पुत्र रामसहाय कीर निवासी अलीगढ़ जिला टोंक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ बैठी 4 वर्षीय बालिका वंशिका कीर को हल्की खरोचें आईं। घायल युवक आपस में रिश्तेदार हैं। जो अलीगढ़ से चोरू तालाब में बाड़ी (खेती कार्य) में फल सब्जी के लिए जा रहे थे।
अलीगढ़ थाना पुलिस के ड्यूटी ऑफिसर हैड कांस्टेबल रामजीलाल बैरवा की जानकारी अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस तुरन्त मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अलीगढ़ पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पप्पूलाल कीर और महेन्द्र कीर को टोंक रेफर किया गया, जहां जिला सआदत अस्पताल में उपचार के दौरान पप्पूलाल कीर की मौत हो गई, जबकि महेन्द्र कीर का ईलाज जारी है। पुलिस के अनुसार सूर्यास्त के बाद पोस्टमार्टम नहीं होने पर शव को जिला सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जिसका पुलिस द्वारा मेडिकल बोर्ड से शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर अलीगढ़ थाने में खड़ा करवा दिया है। परिजनों की रिपोर्ट आने पर बोलेरो के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश हेतु आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
