शाहपुरा में अमानवीयता: जिंदा गौ माता को कचरे में फेंका, नगर पालिका पर गंभीर आरोप | स्मार्ट हलचल

स्मार्ट हलचल: विशेष रिपोर्ट

शाहपुरा में अमानवीयता की हदें पार: जिंदा गौ माता को कचरे में फेंका, अन्य को जलाया; नगर पालिका पर गंभीर आरोप

शाहपुरा (भीलवाड़ा) | स्मार्ट हलचल, महेंद्र नागौरी

क्या इंसानियत इतनी गिर चुकी है कि एक बेजुबान और पूजनीय जिंदा गौ माता को कचरे के ट्रैक्टर में डालकर डम्पिंग यार्ड में फेंक दिया जाए? शाहपुरा क्षेत्र से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला और क्रूरतापूर्ण मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन और इंसानियत दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

डम्पिंग यार्ड में दिखा भयावह दृश्य, जल रही थीं गायें

घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। ग्राम माताजी का खेड़ा स्थित डम्पिंग यार्ड में नगर पालिका के सफाई कर्मियों द्वारा एक जीवित गौ माता को कचरे के साथ लाकर फेंकने का सनसनीखेज आरोप लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था। मौके पर दो अन्य गौ माता को भी कचरे में जलाया जा रहा था—जिनमें से एक पूरी तरह जल चुकी थी, जबकि दूसरी आग की लपटों में जल रही थी।

इस अमानवीय क्रूरता की सूचना मिलते ही भारी संख्या में गौ सेवक और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और यह भयावह दृश्य देखकर आक्रोशित हो उठे। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों में इतनी भी संवेदनशीलता नहीं बची है? घटना स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित है। ऐसे में खुलेआम हो रही इस क्रूरता का स्कूली बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी गहरी चिंता जताई जा रही है।

सीएम के नाम ज्ञापन, 7 दिन का अल्टीमेटम:

इस पूरे मामले को लेकर गौ सेवकों, ग्रामीणों और हिन्दू संगठनों में भारी रोष है। आक्रोशित लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी (एसडीएम) शाहपुरा को सौंपा है। ज्ञापन में दोषी नगर पालिका सफाई कर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त हिन्दू संगठन उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या इन दोषियों पर कोई सख्त कार्रवाई होगी? या फिर बेजुबानों के साथ हुई यह क्रूरता भी हमेशा की तरह सिर्फ कागजों में ही दबकर रह जाएगी?