Homeराजस्थानअलवरविधायक देवीसिंह ने विधानसभा में गिनाईं बानसूर की उपलब्धियां, नारायणपुर में सिविल...

विधायक देवीसिंह ने विधानसभा में गिनाईं बानसूर की उपलब्धियां, नारायणपुर में सिविल कोर्ट खोलने की मांग रखी

बिन्टु कुमार

नारायणपुर | स्मार्ट हलचल|राजस्थान विधानसभा में चल रहे बजट सत्र की नौवीं बैठक के दौरान बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत ने क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक शेखावत ने भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बानसूर विधानसभा क्षेत्र को 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। विधायक ने बताया कि बजट में क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करते हुए बानसूर में आधुनिक बस स्टैंड और खेल स्टेडियम की घोषणा की गई है। इसके साथ ही बहराम का बास-रामपुर में 33/11 केवी जीएसएस तथा चतरपुरा में नए पशु चिकित्सा केंद्र की स्थापना को भी स्वीकृति मिली है। अजबपुरा के पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत करने पर भी विधायक ने सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। भाषण के दौरान विधायक शेखावत ने क्षेत्र की आगामी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष नई मांगें भी रखीं। उन्होंने पूरक बजट में बानसूर के लिए रिंग रोड और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की मांग को मजबूती से रखा। इसके अलावा उन्होंने विशेष रूप से नारायणपुर क्षेत्र की जनता और अधिवक्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए विधानसभा में नारायणपुर में सिविल न्यायालय खोलने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने विश्वास जताया कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने अब तक बानसूर क्षेत्र को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी है, उसी तरह जनहित से जुड़ी इन मांगों को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिविल न्यायालय और नर्सिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं शुरू होने से स्थानीय लोगों को न्याय और शिक्षा के लिए दूरदराज क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular