शिव महापुराण कथा के चौथे दिन भक्ति में डूबे हजारों श्रद्धालु, “भाव शुद्ध तो घर का पानी भी गंगाजल” का दिया संदेश
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से कथा श्रवण करने के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के चलते विशाल पांडाल भी छोटा पड़ गया और दोपहर पहले ही पूरी तरह भर गया।
कथा में पंडित मिश्रा ने कहा कि भगवान को धन नहीं, सच्ची भावना चाहिए। “भाव शुद्ध हो तो घर का पानी भी गंगाजल बन जाता है” कहते हुए उन्होंने आचरण की शुद्धता और अहंकार त्यागने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में कथा जारी है। आयोजन समिति अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्यजन मौजूद रहे। कथा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा।
आयोजन समिति के अनुसार कथा 14 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी तथा बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
