फिल्म निर्देशिका व लेखिका सीमा कपूर ने भवानी मंडी में साझा किए अनुभव

रणवीर सिंह चौहान

स्मार्ट हलचल /भवानी मंडी- शनिवार को सिनेमा जगत की प्रसिद्ध आर्ट फ़िल्म निर्देशिका, निर्मात्री व लेखिका सीमा कपूर ने अपने भवानीमंडी प्रवास के दौरान वरिष्ठ एडवोकेट कैलाश जैन के यहाँ आई हुई थी। सीमा कपूर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भवानी मंडी में मेरा बचपन गुजरा है और यहाँ से मेरा गहरा संबंध है। सीमा कपूर ने कहा कि मेरी माँ ने भवानी मंडी के गुरुकुल में पढ़ाया है और एक लंबे समय तक हम यहाँ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भी महिलाओं को अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। सिनेमा पर बोलते हुए उन्होंने लेखकों की उपेक्षा पर चिंता जताई और कहा कि फिल्म की असली नींव लेखक ही होता है। सीमा कपूर प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता स्वर्गीय ओमपुरी की धर्मपत्नी है और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अन्नू कपूर की बहिन है। इस अवसर पर उन्होंने
अपने परिवार का जिक्र करते हुए अपने भाईयों अन्नू कपूर व रणजीत कपूर की सफलता के पीछे माता-पिता के संघर्ष को अहम बताया। साथ ही उन्होंने अपनी आत्मकथा “यूँ ही गुजारी है अब तलक” का उल्लेख करते हुए जीवन में संघर्ष के महत्व पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने बच्चों में बढ़ती मोबाइल लत पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे नुकसान दायक बताया।
उन्होंने बताया कि उनकी आगामी फिल्म ‘पतंग मसाला’ पर काम जल्द शुरू होगा। इन दिनों वे भवानीमंडी-झालावाड़ क्षेत्र में रहकर एक उपन्यास लिख भी लिख रही हैं। इस अवसर पर जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान(जार) के प्रदेश संगठन महामंत्री भवँर सिंह कछवाहा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगदीश पोरवाल व रणवीर सिंह चौहान आदि के साथ वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश्वर दत्त व राजकुमार जैन आदि मौजूद रहे।