अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल|ब्यावर शहर और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक पेयजल संकट गहरा सकता है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा बीसलपुर बांध परियोजना के नसीराबाद-ब्यावर सेक्शन में पाइपलाइन के रख-रखाव और मरम्मत का कार्य किया जाना है। इस मरम्मत कार्य हेतु विभाग ने 30 घंटे का शटडाउन लेने का निर्णय लिया है।
कब से कब तक बंद रहेगी सप्लाई?
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शटडाउन 12 अप्रैल 2026 की रात 12:00 बजे से शुरू होगा, जो 14 अप्रैल 2026 की सुबह 06:00 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान शहरी जल योजना ब्यावर और इससे जुड़े तमाम क्षेत्रों में नलों से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।
*विभाग की अपील* :
जलदाय विभाग के अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे इस शटडाउन को ध्यान में रखते हुए अपनी आवश्यकतानुसार पानी का पहले से ही संग्रहण (स्टॉक) कर लें। साथ ही, मरम्मत की अवधि के दौरान पानी का सीमित और मितव्ययता से उपयोग करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। 14 अप्रैल की सुबह कार्य पूर्ण होने के बाद ही सप्लाई सुचारू हो पाएगी।
