चलती मोटरसाइकिल बनी आग का गोला: काम पर जा रहा युवक बुरी तरह झुलसा, ग्रामीणों ने बचाई जान | स्मार्ट हलचल

स्मार्ट हलचल: हादसा

चलती मोटरसाइकिल बनी आग का गोला: माइंस पर काम करने जा रहा युवक बुरी तरह झुलसा, ग्रामीणों ने बचाई जान

खजूरी | रिपोर्टर: अक्षय पारीक

खजूरी उप तहसील क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सड़क से गुजर रही एक मोटरसाइकिल अचानक आग का गोला बन गई। इस भयानक हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक आग की लपटों में घिर कर बुरी तरह झुलस गया। गनीमत रही कि समय रहते आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसकी चीख-पुकार सुन ली और उसकी जान बचा ली।

केसरपुरा गांव के पास अचानक बंद हुई बाइक और भभक उठी आग

जानकारी के अनुसार, खजूरी उप तहसील मुख्यालय के ग्राम बरड़ा निवासी शिवराज धाकड़ (पुत्र कालू जी धाकड़) अभयपुर के पास स्थित एक माइंस (खदान) पर कार्य करने के लिए अपने घर से निकला था। जब वह मोटरसाइकिल से केसरपुरा गांव के पास पहुंचा, तो उसकी बाइक अचानक बंद हो गई।

इससे पहले कि शिवराज कुछ समझ पाता, मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शिवराज को संभलने का मौका ही नहीं मिला और वह आग की लपटों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।

ग्रामीणों की तत्परता से बची जान, भीलवाड़ा किया रेफर:

आग की लपटों में घिरे शिवराज की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास खेतों और घरों में मौजूद ग्रामीण तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया और शिवराज व मोटरसाइकिल को आग से अलग किया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना युवक के परिजनों को दी और गंभीर हालत में उसे एक निजी वाहन में बैठाकर बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा चिकित्सालय भेज दिया है, जहां उसका उपचार जारी है।