गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने किया शिलान्यास, विधायक रमेश खींची की अध्यक्षता में आयोजित हुआ कार्यक्रम
दिनेश लेखी
खेड़ली। ।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के बड़ौदा मेव से जयपुर- आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित भरतपुर जिले के हलैना कस्बे को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण एमडीआर सड़क का शिलान्यास रविवार को एक भव्य कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम खेड़ली कस्बे के बाईपास रोड स्थित नंदलाल रिसोर्ट में सुबह 11 बजे आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कठूमर विधायक रमेश खींची ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण एवं साफा बंधन कर स्वागत किया गया।
करीब 32 किलोमीटर लंबी इस सड़क को मजबूत एवं चौड़ा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा पिछले वित्तीय बजट में 40 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इस सड़क का निर्माण एमडीआर (मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड) योजना के तहत किया जाएगा।
इस सड़क के निर्माण से अलवर और भरतपुर जिलों के बीच आवागमन सुगम होगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
*पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार*
इधर कार्यक्रम के समापन के बाद एक पीड़ित परिवार ने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मुलाकात कर अपनी 25 दिनों से लापता बच्ची के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत की। परिवार ने मामले में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए बच्ची के जल्द नहीं मिलने पर आत्महत्या करने तक की चेतावनी दी।
इस पर मंत्री बेढ़म ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि पुलिस को शीघ्र बच्ची की तलाश कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
