आसींद ।स्मार्ट हलचल|उपखंड मुख्यालय आसींद के हॉस्पिटल मार्ग पर जल विभाग और ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जल सप्लाई लाइन में लीकेज ठीक करने के नाम पर सड़क के बीचों-बीच गहरा गड्ढा खोदा गया, लेकिन काम पूरा होने के बाद उसे वैसे ही खुला छोड़ दिया गया है। अस्पताल की ओर जाने वाले इस मुख्य और व्यस्त मार्ग पर यह गड्ढा अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। स्थिति यह है कि ठेकेदार के कर्मचारियों ने लीकेज तो ठीक कर दिया, लेकिन गड्ढे को नहीं भरने से यहाँ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले मरीजों के लिए यह गड्ढा बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने बताया कि व्यस्त मार्ग होने के बावजूद विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। गड्ढे के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस गड्ढे को भरवाकर सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
