“पत्रकारों के हितों की रक्षा और निष्पक्षता ही मेरा लक्ष्य”:नितिन सिंह,सर्वसम्मति से हुआ नई कार्यकारिणी का चयन

लुकमान शाह

रियाबड़ी। स्मार्ट हलचल|स्थानीय पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें पत्रकारों की एकजुटता का शानदार उदाहरण देखने को मिला। बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार नितिन सिंह को सिटी प्रेस क्लब, रियाबड़ी का नया अध्यक्ष चुना गया।
उपखंड की प्रमुख एवं रजिस्टर्ड संस्था सिटी प्रेस क्लब सोसाइटी की महत्वपूर्ण बैठक मुरली जी के बड़ला स्थित रामद्वारा में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के नए अध्यक्ष का चयन करना था, जिसके लिए सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई बैठक के दौरान सभी पत्रकारों ने एक स्वर में नितिन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे हर्षध्वनि के साथ स्वीकार कर लिया गया। पत्रकारों ने कहा कि नितिन सिंह का चयन न केवल उनकी कार्यकुशलता को दर्शाता है, बल्कि यह क्षेत्र में पत्रकारिता को नई दिशा और मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
चयन की प्रक्रिया के दौरान माहौल काफी सकारात्मक और उत्साहपूर्ण रहा। नव-निर्वाचित अध्यक्ष नितिन सिंह का फूल-मालाओं और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने एक-दूसरे को बधाई दी और संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद नितिन सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। हमारा मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को बढ़ावा देना होगा।” उन्होंने जल्द ही क्लब की आगामी योजनाओं और नई कार्यकारिणी के विस्तार की बात भी कही।
बैठक में रियाबड़ी क्षेत्र के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े कई वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में सिटी प्रेस क्लब न केवल पत्रकारों के कल्याण के लिए काम करेगा, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा।