सुनेल 12 अप्रैल।
स्मार्ट हलचल.कस्बे के राम मंदिर चौक पर शनिवार को शिक्षा और प्रतिभा को समर्पित एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर कस्बे का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्राओं का भव्य सम्मान किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गोविन्द धाकड़ ने किया। कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रतिभाशाली बालिकाओं को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर एवं शील्ड व आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान श्वेता पाटीदार, संजिका गोचर, राधिका अंजना, भाग्यश्री गौड़ एवं निया नागर को विशेष रूप से मंच पर सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। सम्मान समारोह को और अधिक उत्साहपूर्ण बनाने के लिए छात्राओं का कस्बे में जुलूस भी निकाला गया। जुलूस के दौरान आमजन ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ इन होनहार बेटियों का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल बन गया। कार्यक्रम में योगेन्द्र जोशी, एडवोकेट रमेश नागर, बालकृष्ण दुबे, बालमुकुन्द पेंटर, दीपक गुप्ता, पप्पू प्रजापत, संदीप व्यास, हरिओम शर्मा, डॉ. विनोद धाकड़, ललित कुमार वाल्मीकि, राजेन्द्र टेलर, गोपाल बैरागी, दिनेश सुमन, घनश्याम नागर, गोपाल सेन, जगदीश राणा, विशाल नागर, रघुनंदन नामदेव, दोलत राणा, चन्द्रप्रकाश गौड़, टिकू व्यास, बालाराम पटेल, मनोज सेन, मांगीलाल आंजना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम न केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी कड़ी मेहनत कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं।
