अनिल कुमार
जिला ब्यावर
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। तीन दिवसीय जन्मोत्सव कार्यक्रमों की कड़ी में रेगरान पंचायत (बड़ा बास) द्वारा ‘आदर्श भवन’ में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में समाज के युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके फलस्वरूप 50 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
पुष्पांजलि से हुआ कार्यक्रम का आगाज
शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मनोज नवल, रेगरान पंचायत (बड़ा धड़ा) के अध्यक्ष आनंद लाल फुलवारी, आदर्श धड़ा के अध्यक्ष संतोष जाग्रत और कार्यक्रम संयोजक अशोक बाकोलिया ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
बाबा साहेब को ‘सच्ची श्रद्धांजलि’
इस मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया:
डॉ. मनोज नवल ने कहा, “बीमार और जरूरतमंदों की जान बचाना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। ऐसे शिविर समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।”
संतोष जाग्रत ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि हमें बाबा साहेब के शिक्षा, समानता और समाज सुधार के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
अमृतकौर अस्पताल की टीम ने दी सेवाएं
सहसंयोजक पुरण संवासिया ने जानकारी दी कि राजकीय अमृतकौर अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने अपनी तकनीकी सेवाएं प्रदान कीं। संग्रहित रक्त को अस्पताल के ब्लड बैंक में जमा कराया गया है ताकि आपात स्थिति में मरीजों के काम आ सके।
इनकी रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम को सफल बनाने में गौरव फुलवारी, विक्रम तंवर, ईश्वर तंवर, बाबूलाल चौहान, बाबूलाल पंवार, अजय तंवर, अमोलक बालोटिया, हुकमीचंद तंवर, रामस्वरूप चौहान, जगदीश प्रसाद खोरवाल, अशोक भट्ट, ललित खोरवाल, मनीष पंवार, भूपेंद्र जाग्रत, रणवीर सिंह चौहान और हर्ष पंवार सहित समाज के अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
नारा: रक्तदान महादान – बाबा साहेब का मिशन, मानवता का कल्याण।
