दिनेश लेखी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी सीधे होंगी रूबरू, ‘विकसित भारत @ 2047’ पर रखेंगी अपने विचार
कठूमर।स्मार्ट हलचल|माय भारत केंद्र द्वारा युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं एवं बजटीय प्रावधानों से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित ‘बजट क्वेस्ट क्विज’ प्रतियोगिता में चयनित युवाओं में कठूमर की पिंकी सैनी को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से वर्चुअल संवाद करने का अवसर मिलेगा। साथ ही वह जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सीधे संवाद कर अपने विचार साझा करेंगी।
इस दौरान माय भारत केंद्र के उपनिदेशक पंकज यादव ने बताया कि फरवरी माह में आयोजित इस प्रतियोगिता के क्विज राउंड एवं निबंध राउंड में जिले से 4732 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। इनमें से चयनित 40 युवाओं को अंतिम चरण के लिए चुना गया है, जिनमें पिंकी सैनी का भी चयन हुआ है।
उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को देशभर से चयनित युवा प्रधानमंत्री से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। वहीं जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ‘विकसित राजस्थान @ 2047’ विषय पर चर्चा कर अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
*युवाओं के लिए माय भारत पोर्टल बना सशक्त मंच*
माय भारत पोर्टल युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को सामाजिक सरोकारों, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और नीतिगत चर्चाओं में भाग लेने के अवसर मिल रहे हैं।
बजट क्वेस्ट प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को प्रदेश की वित्तीय रूपरेखा एवं विकास के रोडमैप को समझने का मौका दिया गया है, जिससे वे भविष्य के जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार हो सकें।
*इन विषयों पर होगा संवाद*
मुख्यमंत्री के साथ होने वाले संवाद सत्र में युवाओं को चार प्रमुख विषयों पर चर्चा का अवसर मिलेगा—
विकसित खेती: ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं किसानों की आय में वृद्धि
प्रदेश का बजट: युवाओं, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े प्रावधान
विजन राजस्थान @ 2047: विकसित राजस्थान में युवाओं की भूमिका
डिजिटल गवर्नेंस: तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सुलभ बनाना
इस उपलब्धि से कठूमर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पिंकी सैनी को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
