मूलचंद पेसवानी
शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|गायत्री शक्तिपीठ शाहपुरा में जिला जन्म शताब्दी अनुयाज कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, युग संगीत और अतिथि स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद गायत्री यज्ञ में विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए आहुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश पाराशर ने अपनी धर्मपत्नी स्व. अनुराग बाला पाराशर की स्मृति में शक्तिपीठ को वाटर कूलर भेंट किया। अतिथियों ने इसका उद्घाटन कर पाराशर का सम्मान किया।
कार्यशाला में शांतिकुंज प्रतिनिधि रतनलाल उपाध्याय, रामेश्वर सुखवाल और श्यामलाल सेन के मार्गदर्शन में जन्म शताब्दी वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। श्यामलाल सेन ने संगठन विस्तार और जनजागरण पर जोर दिया, जबकि रामेश्वर सुखवाल ने ‘सत्य संकल्प’ के 18 सूत्रों का वाचन कर आचार्य श्रीराम शर्मा के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।
रतनलाल उपाध्याय ने जन्म शताब्दी अनुयाज कार्यसमिति का गठन करते हुए विभिन्न अभियानों के प्रभारी नियुक्त किए। उन्होंने “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” के संदेश को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में जहाजपुर, काछोला, शाहपुरा, फुलियाकला, कोटड़ी और बनेड़ा क्षेत्र से 110 कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। जिला समन्वयक दुर्गालाल जोशी ने आभार जताया।
