(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय में डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना एवं चित्रकला विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्राचार्य डॉ. सावन कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में “संविधान एवं अंबेडकर” विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने संविधान के मूल्यों एवं डॉ. अंबेडकर के विचारों को चित्रों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के महान अग्रदूत थे। अंबेडकर जयंती हमें उनके सिद्धांतों- समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन मंज अपनाकर एक जिम्मेदार नागरिक बनें तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
