संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर की झोपड़ी में लगी आग, गृहस्थी का सामान राख, भैंस झुलसी

खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के गुरसंडी गांव में सड़क किनारे बनी घास-फूस की झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मजदूर का आशियाना जलकर राख हो गया। हादसे में घर का सामान नष्ट हो गया, जबकि एक भैंस बुरी तरह झुलस गई।जानकारी के अनुसार गुरसंडी गांव निवासी सोहनलाल सोनकर पुत्र स्व. चौसाठी सड़क किनारे घास-फूस की झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ जीवनयापन कर रहे थे। शनिवार शाम करीब 8:30 बजे अचानक उनकी झोपड़ी में आग लग गई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।आग की लपटों में झोपड़ी के अंदर रखा करीब चार कुंतल गेहूं, कपड़े, चारपाई समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। झोपड़ी के पास बंधी भैंस भी आग की चपेट में आ गई। ग्रामीणों की मदद से जोखिम उठाकर मवेशी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी।

ग्रामीणों का अनुमान है कि किसी अराजक तत्व द्वारा फेंकी गई बीड़ी या सिगरेट से आग लगी हो सकती है। पीड़ित ने घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचे थे।