भीलवाड़ा: गांधीनगर पुलिस का बड़ा खुलासा, 13 मोबाइल व 1 लैपटॉप के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

स्मार्ट हलचल: क्राइम डायरी

भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल.भीलवाड़ा जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गांधीनगर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है।

बस में महिला का पर्स हुआ था चोरी, सीसीटीवी से मिला सुराग

थानाधिकारी डॉ. नेहा राव (आर.पी.एस. प्रो.) ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्राथिया प्रियंका पाराशर ने थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 मार्च 2026 को शाम 5 बजे वह अपनी ननद दिव्या पाराशर के साथ बस द्वारा मांडलगढ़ से भीलवाड़ा आई थी। सफर के दौरान किसी ने उनका छोटा पर्स चोरी कर लिया, जिसमें 2 मोबाइल फोन, एक चांदी की छोटी गाय, एक जोड़ी बिछिया और 2000 रुपये नकद रखे हुए थे।

पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। चोरी की इस वारदात का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। अथक प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की तलाश कर उसे धर दबोचा।

पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी:

पुलिस ने इस मामले में भवानी ओड (33 वर्ष) पुत्र श्रवण ओड, निवासी कांगसो का खेड़ा, थाना करेड़ा (जिला भीलवाड़ा) को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से करीब एक दर्जन (13) मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया है। आरोपी से अन्य चोरियों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन और एएसपी पारस जैन व सीओ सिटी सज्जन सिंह के सुपरविजन में की गई। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी डॉ. नेहा राव ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल सुखदेव सिंह, हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल राकेश (विशेष योगदान), कांस्टेबल अनिल और ब्रजमोहन शामिल रहे।