लसाड़िया आश्रम पर 9 दिवसीय ‘श्री शिवशक्ति महायज्ञ’ 17 मई से-विश्व कल्याण हेतु होगा आयोजन,

 108 कुण्डात्मक महायज्ञ में जुटेंगे संत-महात्मा,कथा-प्रवचन और धार्मिक कार्यक्रमों की रहेगी श्रृंखला

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखण्ड के अलीगढ़ तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम लसाड़िया बेगमपुरा में आगामी 17 मई से 25 मई 2026 तक 9 दिवसीय ‘श्री शिवशक्ति महायज्ञ’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अद्वैत सन्यास आश्रम, लसाड़िया बेगमपुरा में विश्व कल्याण, पर्यावरण शुद्धि, धर्म रक्षा एवं जनकल्याण की भावना से किया जा रहा है।
महायज्ञ में 108 कुण्ड स्थापित किए जाएंगे, जिनमें विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जाएंगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन कथा, प्रवचन, भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी, जिससे क्षेत्र में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण का संचार होगा।
महायज्ञ आयोजन समिति के अनुसार, इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन पहुंचकर यज्ञ भगवान के दर्शन, गुरु दर्शन एवं महाप्रसादी का लाभ प्राप्त करेंगे। महायज्ञ में विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्माओं का सान्निध्य भी प्राप्त होगा। महायज्ञ आयोजन का संचालन पूज्य जगद्गुरु श्री श्री 1008 स्वामी नित्यानन्द गिरी जी महाराज (आश्रम भेडोली) के सान्निध्य में किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन के आर्थिक सहयोग में लसाड़िया, बेगमपुरा, हैदरीपुरा, पाड़ली, बराना, अमीनपुरा, अलीमपुरा, पचाला, बिशनपुरा, कासिमपुरा, चौरू, सहीदाबाद, रहमान नगर, मंडावरा, सद्दीक नगर, फिरोजपुरा, सोलतपुरा, महुवा, रिजोदा, गफूरपुरा, पचाली सहित आसपास के अनेक गांवों के ग्रामीण बढ़ चढ़कर सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।