लावारिश मरीज की तन मन से समर्पित होकर करे सेवा – पीएमओ डॉ अरुण गोड़
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। राजस्थान नर्सेज यूनियन, भीलवाड़ा द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व यूनियन जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे स्टेशन स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद महात्मा गांधी चिकित्सालय के सभागार में दीप प्रज्वलन कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर चिकित्सालय अधीक्षक (पीएमओ) डॉ. अरुण गोड़ ने विस्तृत संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में चिकित्सा सेवाओं से जुड़े हर व्यक्ति की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज, विशेषकर लावारिस और असहाय व्यक्ति, हमारे लिए किसी जिम्मेदारी से कम नहीं है।
उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ करें। “जिसका इस दुनिया में कोई नहीं होता, उसके लिए अस्पताल और यहां का स्टाफ ही परिवार बन जाता है। ऐसे मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, करुणा और समर्पण का भाव रखना बेहद जरूरी है,”
डॉ. गोड़ ने यह भी कहा कि बाबा साहेब के विचार—समानता, मानवता और अधिकारों की रक्षा—चिकित्सा क्षेत्र में भी पूरी तरह लागू होते हैं। सभी मरीजों को बिना किसी भेदभाव के समान उपचार मिलना चाहिए, यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के बाद यूनियन सदस्यों ने ब्लड बैंक पहुंचकर 21 यूनिट रक्तदान किया।
इस दौरान यूनियन संरक्षक बिज्जू मैथु, कार्यकारी जिलाध्यक्ष ललित जीनगर, जिला संयोजक अमित व्यास, उपाध्यक्ष दिनेश खटीक, नर्सिंग अधीक्षक मुकुटराज सिंह, काशीराम नायक, प्रेमचंद खटीक, प्रवक्ता गिरिराज लड्ढा, विनोद सोनी, कुलदीप आर्य, अनिल छाजेड़, जगदीश वैष्णव, बंधन चावला, वीना फिलिप, जागृति जोशी, सीमा, रीना चंदेल, पवन देपन, सत्यनारायण सहित सैकड़ों नर्सेज उपस्थित रहे।
