अविनाश मीणा
घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|घाड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दर्रा बालाजी चारनेंट में मंदिर के नवनिर्माण कार्य को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मोहन लाल मीणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंदिर निर्माण प्रक्रिया को गति देने के लिए कई अहम प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।बैठक में मंदिर के नवनिर्माण कार्य का टेंडर जारी करने के लिए एक विशेष पाँच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति गिर्राज विजयवर्गीय (टोंक) के नेतृत्व में कार्य करेगी, जिसमें मोहन लाल मीणा, रायसाब गुर्जर और शिवजी लाल फौजी जैसे सदस्य शामिल हैं। समिति द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य का आधिकारिक टेंडर जारी किया जाएगा।
एक अनूठे निर्णय के तहत, नींव शिलान्यास के मुहूर्त पत्थर की बोली ऑनलाइन माध्यम से लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। सकल पंचों के लिए शुरुआती बोली 21,000 रुपये निर्धारित की गई है।
यह बोली प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 को सुबह 9:15 बजे से सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से शुरू होगी और 23 अप्रैल 2026 को दोपहर 1:00 बजे तक जारी रहेगी। सफल बोलीदाता को उसी दिन शाम 5:00 बजे तक संपूर्ण राशि जमा करवानी अनिवार्य होगी।
नींव मुहूर्त के कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस शुभ अवसर पर बालाजी महाराज को 125 किलो शुद्ध देसी घी के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों और भक्तों ने मंदिर निर्माण को लेकर भारी उत्साह दिखाया।
अगली बैठक 21 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें नींव मुहूर्त को भव्य रूप देने पर चर्चा होगी। इसके अतिरिक्त, चारनेट, कोटड़ा, बहलडी, गैरोटी, इंदौदा, आगरिया के समस्त सरकारी कर्मचारियों से कम से कम 11,000 रुपये की रसीद कटवाने का प्रस्ताव भी अनुमोदित किया गया।
आज की बैठक में सचिव लड्डू लाल मीणा, मोहन लाल मीणा, किस्तूर चंद माट, रायसाहब गुर्जर, महावीर गुर्जर, छोटू लुहार, लादू सैन, शंकर बैरागी, रामलाल मांट, सोजी लाल, जमना लाल मीणा फौजी और आत्माराम मीणा सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
